February 23, 2026 7:42 pm

‘बाबा’ दुकान विवाद: राहुल गांधी से मिले ‘मोहम्मद’ दीपक, कोटद्वार आकर जिम की मेंबरशिप लेने का दिया आश्वासन

देहरादून/दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘बाबा’ दुकान विवाद के दौरान चर्चा में आए दीपक कुमार कश्यप उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से दिल्ली स्थित अपने आवास पर मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए दीपक की सराहना की।

राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा, हर इंसान, एक समान, यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई मोहम्मद दीपक से मुलाकात। एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।”

कोटद्वार आने और जिम की मेंबरशिप लेने का आश्वासन

मुलाकात के बाद दीपक कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें राहुल गांधी ने दिल्ली बुलाया था। राहुल गांधी ने उनके परिवार से भी बातचीत की और भरोसा दिलाया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। दीपक के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि वह कोटद्वार आएंगे और उनके जिम की मेंबरशिप लेंगे।

दीपक ने बताया कि पहले उन्हें धमकियां मिली थीं, लेकिन फिलहाल माहौल शांत है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने उनकी मुलाकात सोनिया गांधी से भी कराई।

क्या है पूरा विवाद?

मामला कोटद्वार (जनपद पौड़ी गढ़वाल) का है, जहां ‘बाबा’ नाम से एक कपड़ों की दुकान संचालित होती है। 26 जनवरी को कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दुकान के नाम पर आपत्ति जताते हुए इसे बदलने की मांग की। उनका तर्क था कि कोटद्वार में सिद्धबली बाबा हिंदुओं के आराध्य हैं, ऐसे में दुकान के नाम को लेकर विवाद खड़ा हुआ।

इसी दौरान पास में जिम संचालित करने वाले दीपक कुमार कश्यप मौके पर पहुंचे और दुकानदार के समर्थन में खड़े हुए। बहस के दौरान उन्होंने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामला तूल पकड़ गया।

सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए और मामला राष्ट्रीय राजनीति का मुद्दा बन गया। कई विपक्षी दलों ने इसे सड़क से लेकर संसद तक उठाया।

इससे पहले भी राहुल गांधी दीपक कुमार को “भारत का हीरो” बताते हुए सोशल मीडिया पर समर्थन जता चुके हैं। उनके ताजा मुलाकात के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।