हरिद्वार: 7 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami हरिद्वार पहुंचे और बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ मंच, सभा स्थल, पार्किंग और वीआईपी आगमन मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम धामी ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
दरअसल उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी और नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Mahendra Bhatt समेत भाजपा के कई नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा और भविष्य में होने वाले कुंभ आयोजन को लेकर भी राज्य सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम व्यवस्थाएं मिल सकें।