March 7, 2026 8:00 pm

अमित शाह ने बांधे सीएम धामी की तारीफों के पुल, चार साल के कार्यकाल को बताया बेमिसाल…

हरिद्वार: केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने हरिद्वार दौरे के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की जमकर तारीफ की। अपने संबोधन में अमित शाह ने कई बार सीएम धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य की समस्याओं को एक-एक कर खत्म करने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने राज्य की समस्याओं को चुन-चुन कर समाप्त करने का काम किया है, जिसके कारण आज उत्तराखंड तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

अतिक्रमण और कानून व्यवस्था पर भी की चर्चा

अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में धामी सरकार ने लगभग 10 हजार से अधिक अतिक्रमण हटाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चिन्हित कर बाहर निकालने का काम भी किया जा रहा है।

उन्होंने अपने संबोधन में Uniform Civil Code का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी शुरुआत उत्तराखंड से हुई है। अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में लागू किया गया नकल विरोधी कानून रोजगार के क्षेत्र में पारदर्शिता लाने में अहम साबित हुआ है।

रोजगार के अवसरों का किया जिक्र

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज 1900 युवाओं को पुलिस आरक्षी के पद पर नियुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि यदि आज कांग्रेस की सरकार होती तो युवाओं को इतनी पारदर्शिता से नौकरी नहीं मिलती। पहले ‘पर्ची’ और ‘खर्ची’ का दौर चलता था, लेकिन अब बिना रिश्वत के युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

हरिद्वार कुंभ का भी किया उल्लेख

अमित शाह ने अपने संबोधन में हरिद्वार कुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाला कुंभ मेला कई रिकॉर्ड तोड़ने वाला होगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुंभ पूरे भारत की आस्था और गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि आज धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने का अवसर है, वहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार के भी नौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।

अमित शाह ने समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए मुख्यमंत्री धामी को बधाई देते हुए कहा कि इससे सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू होगा और समाज में समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।