April 14, 2026 10:35 pm

PM मोदी ने किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, दिल्ली से देहरादून अब 2.5 घंटे में

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के महत्वपूर्ण दौरे के दौरान देहरादून में एक सार्वजनिक समारोह में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन कर एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे.

इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज दिल्ली, देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ. इस प्रगति में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है. आपको याद होगा बाबा केदार के दर्शन के बाद, मेरे मुंह से अनायास निकला था कि इस शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा. मुझे बहुत खुशी है कि डबल इंजन सरकार की नीतियां और उत्तराखंड के लोगों के परिश्रम से ये युवा राज्य विकास के नए आयाम जोड़ रहा है.

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन से पहले पीएम मोदी सहारनपुर होते हुए देहरादून के डाट काली मंदिर पहुंच गए हैं, जहां वह पूजा-अर्चना की. इससे पहले प्रधानमंत्री ने सुबह करीब 11:15 बजे यूपी के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे ऊंचे खंड पर बने वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की समीक्षा की और एक भव्य रोड शो किया, जहां जनसैलाब में पीएम को जोरदार स्वागत किया.

इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा में लगने वाले समय को कम करना है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से तैयार ये प्रोजेक्ट आधुनिक इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है. करीब 13,000 करोड़ रुपये की इस सौगात में एशिया का सबसे लंबा 12 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर और 340 मीटर लंबी सुरंग शामिल है.

वहीं, पीएम के आगमन को लेकर देहरादून में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. शहर में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं.

राष्ट्र के भाग्य की रेखाएं हैं- सड़कें और हाईवे: पीएम मोदी

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन कर पीएम ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ उत्तराखंड की प्रगति में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है आपको याद होगा बाबा केदार के दर्शन के बाद, मेरे मुंह से अनायास निकला था कि इस शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा. मुझे बहुत खुशी है कि डबल इंजन सरकार की नीतियां और उत्तराखंड के लोगों के परिश्रम से ये युवा राज्य विकास के नए आयाम जोड़ रहा है. ये प्रोजेक्ट भी उत्तराखंड के विकास को नई गति देगा. इस एक्सप्रेसवे का बहुत बड़ा हिस्सा जो वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के रास्ते यहां पहुंचता है. इससे गाज़ियाबाद बागपत, बड़ोत, शामली और सहारनपुर जैसे अनेक शहरों को भी बहुत फायदा होगा. टूरिज्म के लिहाज से ये प्रोजेक्ट बहुत अहम है. पूरे देश को इस प्रोजेक्ट की बहुत बहुत बधाई देता हूं.

साथियों आज डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती भी है. मैं सभी देशवासियों की ओर से बाबा साहेब को कोटि-कोटि श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. बीते दशक में हमारी सरकार ने जो नीतियां बनाई, जो निर्णय लिए. वो संविधान की गरिमा को पुनः स्थापित करने वाले रहे. आर्टिकल 370 हटने आज पूरे देश में भारत का संविधान लागू है. जिन दर्जनों जिलों में नक्सलवाद खत्म हुआ है. वहां भी अब संविधान की भावना के अनुरूप काम हो रहा है. देश में समान नागरिक संहिता लागू हो. ये हमारे संविधान की अपेक्षा है. उत्तराखंड ने संविधान की इस भावना को आगे बढ़कर और उस भावना को आगे बढ़ाकर. पूरे देश को राह दिखाई है.

पीएम ने आगे कहा कि बाबा साहब का जीवन गरीबों को वंचितों को शोषितों को न्यायपूर्ण व्यवस्था देने के लिए समर्पित था. हमारी सरकार आज उसी भावना के साथ हर गरीब, हर वंचित को सच्चा सामाजिक न्याय देने में जुटी है और सामाजिक न्याय देश के संतुलित विकास का एक बहुत बड़ा माध्यम है. सबको सुविधा है, सबकी समृद्धि है, इसलिए ही बाबा साहब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगीकरण की भरपूर वकालत करते थे. साथियों भविष्य की दशा और दिशा क्या होगी? अक्सर लोग इसके लिए हाथ की रेखाओं को देखते हैं दिखाते हैं जो भविष्यवेत्ता होते हैं ना वो हस्त रेखाएं देखते हैं और हर व्यक्ति के भविष्य के विषय में बताते हैं.  लेकिन मैं अगर इसी संदर्भ बात को इसी संदर्भ को राष्ट्र जीवन से जोड़ कर के देखूं तो राष्ट्र की भाग्य रेखाए कौन-सी होती है? राष्ट्र की भाग्य रेखाएं ये हमारी सड़कें होती हैं, हमारे हाईवे होते हैं.