May 20, 2026 12:54 pm

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल हुए सीएम धामी, 2027 कुंभ और नंदा राजजात यात्रा पर मांगा सहयोग

देहरादून/बस्तर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं के लिए केंद्र और राज्यों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग से ही विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघवाद को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्यों के सहयोग से नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले का आयोजन ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित होगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।