July 3, 2026 6:43 pm

समय से पहले चुनाव की अटकलों पर सीएम धामी ने लगाया विराम, कहा – ऐसी कोई आधिकारिक सूचना नहीं

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहली बार स्पष्ट प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक सूचना या तैयारी नहीं है। उन्होंने कहा कि समय से पहले चुनाव की खबरें केवल अटकलें हैं।

देहरादून में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या राज्य में विधानसभा चुनाव तय समय से पहले कराए जा सकते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को किसी भी स्तर पर ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि चुनाव समय से पहले कराने को लेकर न तो कोई औपचारिक सूचना मिली है और न ही ऐसी कोई तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग जब भी चुनाव कराने का निर्णय लेगा, सभी राजनीतिक दल और सरकार उसके निर्देशों का पालन करेंगे।

दरअसल, पिछले कुछ समय से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज थी कि विधानसभा चुनाव वर्ष 2027 के बजाय 2026 के आखिर में कराए जा सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं के लगातार उत्तराखंड दौरे, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, प्रस्तावित हरिद्वार कुंभ और जनगणना जैसे कारणों को लेकर इस तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।

हालांकि मुख्यमंत्री धामी के बयान के बाद इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड की वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 23 मार्च 2027 तक है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव वर्ष 2027 की शुरुआत में प्रस्तावित हैं। फिलहाल समय से पहले चुनाव कराने को लेकर कोई आधिकारिक संकेत सामने नहीं आया है।