देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूर्व और वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्षों समेत संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्यक्रम में 12 से 15 हजार छात्रों और युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस इस प्रोग्राम का पोस्टर जारी कर युवाओं से जुडने की अपील कर रही है ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी 17 जुलाई की शाम परेड ग्राउंड में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा, जिसमें विशेष रूप से पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा होगी। कांग्रेस का आरोप है कि बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इन समस्याओं के समाधान पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है।
गोदियाल ने प्रदेशभर के छात्रों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी युवाओं की आवाज सुनेंगे और उनके मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने बताया कि कांग्रेस ने 12 से 15 हजार छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर छात्रों से संपर्क कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
कांग्रेस का कहना है कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।