July 28, 2026 7:03 pm

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, 150 से ज्यादा सड़कें बंद, कल भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।

लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कई प्रमुख मार्ग मलबा आने से बंद हो गए हैं, जिससे जनजीवन और चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है। वर्तमान में प्रदेशभर में 150 से अधिक सड़कें बंद हैं और संवेदनशील जलग्रहण क्षेत्रों के लिए फ्लैश फ्लड का अलर्ट भी जारी किया गया है।

स्थिति को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि जितनी तेजी से भारी बारिश के कारण सड़कें बंद हो रही हैं, उससे दोगुनी तेजी से उन्हें खोलने का काम भी किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं और मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।