July 29, 2026 6:50 pm

कल 30 जुलाई को 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में ऑरेंज चेतावनी

नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 30 जुलाई को उत्तराखंड सहित 14 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान 40 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, असम, ओडिशा और तमिलनाडु में बारिश का असर अधिक रहेगा। कई स्थानों पर जलभराव, भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

उत्तराखंड में देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल और उत्तरकाशी सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा जताया गया है, जबकि बिहार, झारखंड, असम और ओडिशा में भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।