August 26, 2026 4:39 pm

उत्तराखंड में छह अफसरों के दायित्व बदले, आनंद श्रीवास्तव बने महानिदेशक कृषि एवं उद्यान

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा, प्रांतीय सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के छह अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। इनमें सबसे प्रमुख बदलाव भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आनंद श्रीवास्तव को महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दिया जाना है।

महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले इस पद की जिम्मेदारी वंदना संभाल रही थीं, लेकिन उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद पद रिक्त था।

ताजा बदलाव के तहत निर्वाचन की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास और प्रांतीय सिविल सेवा अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से अपर सचिव समाज कल्याण का दायित्व वापस लिया गया है।

सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है।

शासन स्तर पर हुए इन बदलावों को फिलहाल सामान्य फेरबदल माना जा रहा है। वहीं प्रदेश में जिलाधिकारियों, प्राधिकरणों और शासन स्तर के कुछ महत्वपूर्ण पदों पर भी बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। आने वाले दिनों में बड़ी तबादला सूची जारी होने की संभावना है।