देहरादून। प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 59 नई साधारण बसें शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार इन बसों से यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। नैनीताल मंडल को 19, जबकि टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें दी गई हैं। इनका संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नई बसों के संचालन से विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन का विशेष महत्व है। बेहतर परिवहन सेवाएं दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायक हैं।
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप होने के कारण ये बसें पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगी।
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।