November 5, 2026 9:30 pm

कुंभ-2027 की तैयारियां तेज, हरिद्वार के दो अस्पतालों को मिलेंगे आधुनिक चिकित्सा उपकरण, CM धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

देहरादून। आगामी कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराए जा रहे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये उपकरण कृषि उद्योग विकास परिषद की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ करना जरूरी है। दोनों चिकित्सालयों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे उपकरण आपात स्थिति में त्वरित प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होंगे।

मुख्यमंत्री ने कृषि उद्योग विकास परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में सामाजिक संस्थाओं और संगठनों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि संबंधित विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित होगा।