November 25, 2026 6:24 pm

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, CM धामी ने कहा- ईमानदारी और संवेदनशीलता से करें जनसेवा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई और कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा का दायित्व निभाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके फैसलों का सीधा संबंध आम लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का सावधानी और समयबद्धता से निस्तारण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक प्रक्रिया व दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के साथ आपदा के दौरान नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने पर भी जोर दिया।

धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रत्येक नियुक्ति के पीछे युवा की मेहनत और परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। ऐसे में अधिकारियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए जनता का विश्वास जीतना चाहिए।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। इस अवसर पर सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।