February 11, 2026 12:20 pm

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या का बड़ा दावा, जल्द कांग्रेस में शामिल होंगे बड़े नेता

हल्द्वानी: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में कुमाऊं कांग्रेस पार्टी कार्यालय स्वराज आश्रम में एक बैठक का आयोजन किया गया. जिसमें नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या समेत तमाम कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा हुई. साथ ही 16 फरवरी को लोक भवन घेराव की तैयारी की समीक्षा की गई. वहीं, यशपाल आर्या ने दावा किया कि जल्द बड़े नेता पार्टी में शामिल होंगे.

बता दें कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए भले ही अभी वक्त हो, लेकिन राजनीतिक हलचलें तेज होने लगी हैं. राजनीतिक दलों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो चुका है. हल्द्वानी स्थित कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम में आज कांग्रेस पार्टी की एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ और स्थानीय नेता मौजूद रहे.

16 फरवरी को प्रस्तावित लोक भवन घेराव को लेकर चर्चा: बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तय करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना रहा. बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव को लेकर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से देहरादून पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया.

मौजूदा सरकार की नीतियों से आम जनता त्रस्त है और कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी. 12 फरवरी को हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी की एक और महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है. जिसमें प्रदेश अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर ठोस रणनीति बनाई जाएगी.“- यशपाल आर्या, नेता प्रतिपक्ष

कई बड़े नेता कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल: यशपाल आर्या ने कहा कि ‘कांग्रेस पार्टी के संपर्क में कुछ प्रमुख नेता हैं और उनसे लगातार बातचीत चल रही है.‘ उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही कई बड़े नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा और औपचारिक घोषणा भी वहीं से की जाएगी.

जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशी दिया जाएगा टिकट: वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत रावत ने कहा कि पार्टी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है. उन्होंने दावा किया कि इस बार कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेंगे.

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एकजुट संघर्ष करेगी. जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशी को केंद्रीय नेतृत्व मैदान में उतरेगा.“- रणजीत रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता