देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विकासनगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाबा श्याम आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं तथा हर निराश मन को संबल देने वाले हारे के सहारे हैं। सच्चे मन से की गई प्रार्थना को बाबा अवश्य स्वीकार करते हैं और अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा श्याम प्रत्येक भक्त के हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए सदैव यादगार रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से उन्हें प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है और वे मुख्य सेवक के रूप में पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कौशल के साथ समर्पण भी आवश्यक है और ईश्वर की कृपा से ही सभी कार्य पूर्ण होते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का भी उल्लेख किया, जिसमें बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।