February 19, 2026 8:13 pm

भराड़ीसैंण विधानसभा: 12 साल में सिर्फ 10 सत्र, 35 दिन चली सदन की कार्यवाही, देखें आंकड़े…

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने आगामी विधानसभा बजट सत्र को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आयोजित करने का निर्णय लिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार यह सत्र 9 से 13 मार्च तक पांच दिनों तक चलेगा।

गैरसैंण राज्य की जनभावनाओं से गहराई से जुड़ा रहा है, यही कारण है कि समय-समय पर सरकारें यहां विधानसभा सत्र आयोजित करती रही हैं। वर्ष 2014 में यहां पहली बार विशेष सत्र टेंट में आयोजित किया गया था। यह सत्र 9 से 11 जून 2014 तक चला था, जिसे तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों की मांग को सम्मान देने के उद्देश्य से बुलाया था।

इसके बाद गैरसैंण में सत्र आयोजित होने का सिलसिला शुरू हुआ और पिछले 12 वर्षों में यहां 35 दिनों तक सदन की कार्यवाही संचालित हो चुकी है। वर्ष 2015 में भी टेंट में सत्र आयोजित किया गया, जबकि भराड़ीसैंण में स्थायी विधानसभा भवन बनने के बाद 17 नवंबर 2016 को पहला सत्र आयोजित हुआ, जिसे उस समय के विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने ऐतिहासिक बताया था।

हालांकि वर्ष 2019 और 2022 में गैरसैंण में कोई सत्र नहीं हुआ, लेकिन अन्य वर्षों में यहां नियमित रूप से सदन की कार्यवाही होती रही है।

गैरसैंण में बजट सत्र आयोजित करने का निर्णय एक बार फिर क्षेत्रीय संतुलन, जनभावनाओं के सम्मान और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

गैरसैंण में कब- कब आहूत हुआ विधानसभा सत्र

  • 9 से 11 जून 2014 तक गैरसैंण में टेंट में विधानसभा विशेष सत्र आहूत हुआ था.
  • 2 से 3 नवंबर 2015 तक गैरसैंण में टेंट में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.
  • 17 से 18 नवंबर 2016 तक गैरसैंण के भराड़ीसैंण में बने स्थायी विधानसभा भवन में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.
  • 7 से 8 दिसंबर 2017 तक भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में सत्र आहूत हुआ था.
  • 20 से 26 मार्च 2018 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • साल 2019 में भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में कोई भी सत्र आहूत नहीं हुआ.
  • 3 से 7 मार्च 2020 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • 1 से 6 मार्च 2021 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • साल 2022 में भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में कोई भी सत्र आहूत नहीं हुआ.
  • 13 से 16 मार्च 2023 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • 21 से 23 अगस्त 2024 तक भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.
  • 19 से 20 अगस्त 2025 तक भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.