देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिव समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए सचिवों एवं जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों पर जोर
मुख्य सचिव ने भराड़ीसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र की समुचित तैयारियों को लेकर एसओपी, कार्यपूर्ति दिग्दर्शिका, सुरक्षा प्रोटोकॉल, सैनिटेशन एवं अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सुशासन, अनुशासन एवं डिजिटल गवर्नेंस पर कड़ा संदेश
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्मिकों अथवा सरकारी कार्यालयों में किसी भी प्रकार की बदसलूकी पर सख्त एनफोर्समेंट कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
माननीय प्रधानमंत्री द्वारा राज्य में किए गए शिलान्यास कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।
ई-ऑफिस (डिजिटल फाइलिंग) के बेहतर क्रियान्वयन पर जनपदों की सराहना करते हुए सभी निदेशालयों को डिजिटल प्रगति और तेज करने को कहा गया।
ग्रामीण विकास, प्रवासी समन्वय एवं कृषि नवाचार
मुख्य सचिव ने ADOPT A VILLAGE योजना की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति वाले जनपदों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारियों को जनपदवार प्रवासियों का डाटा तैयार कर उनसे समन्वय स्थापित करने तथा उनके अनुभव, तकनीक एवं कार्य संस्कृति का प्रदेश हित में उपयोग करने को कहा गया।
बैठक में आयुक्त सह सचिव, राजस्व परिषद रंजना राजगुरु द्वारा एग्री स्टैग योजना का प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें कृषि विकास योजनाओं की प्रगति तेज कर केंद्र से मिलने वाले इंसेंटिव का अधिकतम लाभ उठाने पर बल दिया गया।
GIS आधारित गवर्नेंस और सतत कृषि पर प्रस्तुतियां
जिलाधिकारी टिहरी द्वारा “Using GIS for Fast Tracking Governance” विषय पर वर्चुअल प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें क्षतिपूरक वृक्षारोपण, फॉरेस्ट लैंड ट्रांसफर एवं भूमि अधिग्रहण मुआवजे के त्वरित निस्तारण की प्रभावी पहल को सराहा गया।
जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर ने सतत कृषि एवं जल संरक्षण से जुड़ी पहल पर प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों से विकास कार्यों एवं अंतर-विभागीय समन्वय की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।