February 28, 2026 1:47 pm

CM धामी ने कहा – काली कुमाऊँ की होली हमारी समृद्ध लोकपरंपरा और सांस्कृतिक पहचान

लोहाघाट। रामलीला मैदान, लोहाघाट में आयोजित काली कुमाऊँ होली रंग महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमुदाय को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली और शास्त्रीय होली गायन में भाग लेकर स्थानीय लोगों के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत के काली कुमाऊँ की होली अपने विशिष्ट और पारंपरिक गायन शैली के लिए विशेष पहचान रखती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को संजोने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। आधुनिक परिवेश के बीच भी चम्पावत में पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के महोत्सव सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उल्लास साझा किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।