March 6, 2026 1:54 pm

मंत्रिमंडल विस्तार में देरी पर यशपाल आर्य ने दी प्र्तिक्रिया, सरकार-संगठन के तालमेल पर उठाए सवाल…

हल्द्वानी। उत्तराखंड में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Yashpal Arya ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार और पार्टी संगठन के बीच समन्वय की कमी साफ दिखाई दे रही है, जिसकी वजह से मंत्रिमंडल विस्तार लगातार टलता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि सब कुछ सामान्य होता तो मंत्रिमंडल विस्तार में इतनी देरी नहीं होती। उनके अनुसार भाजपा के कई विधायक अपनी ही सरकार की कार्यशैली से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं, जिससे अंदरूनी असहमति की स्थिति बन रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा खुद को अनुशासित पार्टी बताती है, लेकिन हाल के समय में पार्टी के कई नेताओं के बयानों और गतिविधियों से अनुशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना था कि पार्टी अपने नेताओं को नियंत्रित करने में भी मुश्किलों का सामना करती नजर आ रही है।

आर्य ने दावा किया कि सरकार के भीतर तालमेल की कमी का असर प्रशासनिक फैसलों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो इसका असर आने वाले समय में राजनीतिक रूप से भी दिखाई देगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का फैसला ले सकती है और कांग्रेस मजबूत वापसी करेगी।