हरिद्वार: केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah शनिवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर कही बड़ी बात
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में महोत्सव की शुरुआत करवाई है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तराखंड अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन आज राज्य की अलग पहचान बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि राज्य के अस्तित्व को बचाने के लिए यहां के युवा मैदान में उतरे थे, लेकिन उस समय कांग्रेस और समाजवादी दलों ने उनका दमन किया था।
अटल बिहारी वाजपेयी को दिया श्रेय
अमित शाह ने कहा कि Atal Bihari Vajpayee ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया। उस समय कांग्रेस सवाल उठा रही थी कि छोटे राज्य कैसे टिकेंगे और उनकी अर्थव्यवस्था कैसे चलेगी। लेकिन अटल जी ने उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे तीन नए राज्य बनाए, जो आज विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
रोजगार को लेकर कांग्रेस पर हमला
अमित शाह ने कहा कि आज यहां 1900 युवाओं को पुलिस आरक्षी के पद पर नौकरी मिल रही है। उन्होंने युवाओं से सवाल करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो क्या उन्हें इतनी पारदर्शिता से नौकरी मिल पाती। पहले ‘पर्ची’ और ‘खर्ची’ का दौर चलता था, लेकिन अब बिना सिफारिश और रिश्वत के युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
नागरिकता और घुसपैठ के मुद्दे पर भी बोले
अमित शाह ने कहा कि आज पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए लगभग 200 लोगों को नागरिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अपने धर्म और परिवार की रक्षा के लिए भारत में शरण ली है और भारत उन्हें नागरिकता जरूर देगा।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चाहे जितना विरोध करें, लेकिन सरकार ऐसे लोगों को नागरिकता देने का काम जारी रखेगी।
अतिक्रमण और घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में उत्तराखंड में लगभग 10 हजार से अधिक अतिक्रमण हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चिन्हित कर भारत से बाहर निकालने का काम किया जाएगा।
सीमांत गांवों के विकास पर जोर
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीमांत गांवों को देश के पहले गांव का सम्मान दिया है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से इन गांवों का विकास किया जा रहा है, जिससे पलायन को रोकने में मदद मिल रही है और इसका सबसे अधिक लाभ उत्तराखंड को मिल रहा है।
आगामी चुनावों को लेकर भी दिया संदेश
अमित शाह ने कहा कि 2026 में बंगाल और तमिलनाडु में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि 2027 में देवभूमि की जनता को एक बार फिर प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाने का काम करना है।