April 29, 2026 7:30 pm

देहरादून नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा, आमने सामने बीजेपी-कांग्रेस, जमकर हुई नोंक झोंक

देहरादून: आज नगर निगम की चर्तुथ बोर्ड बैठक आयोजित हुई. बोर्ड बैठक में 65 प्रस्तावों पर चर्चा हुई. बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ. बैठक में भाजपा- कांग्रेस पार्षद आमने सामने आ गये. बैठक में हंगामें के कारण प्रस्तावों पर चर्चा कम हुई.

आज नगर निगम में चौथी बोर्ड बैठक शुरू होते ही कांग्रेस के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया. कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली के लिए लगाये गये पोस्टर बैनर नगर निगम के कर्मचारियों ने हटाये. इस मामले को लेकर काफी देर हंगामा हुआ. कांग्रेस पार्षद और भाजपा पार्षदों की नाराजगी बोर्ड बैठक में देखने को मिली. पिछले दिनों कांग्रेस पार्षदों ने नगर आयुक्त पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था. भाजपा पार्षदों ने भी आरोप लगाया था कि नगर आयुक्त विकास कार्यों की सूचना नहीं देती हैं. जिसके कारण आज दोनों पार्टी के पार्षदों में नाराजगी देखने को मिली. बोर्ड बैठक में 65 प्रस्तावों पर चर्चा होनी है, मगर प्रस्तावों पर चर्चा कम हुई.

कांग्रेस के पार्षदों ने आरोप लगाया कि कुछ वार्डो में अधिक सफाई कर्मचारी है ओर कुछ वार्डों में कम सफाई कर्मचारी हैं. जिसके कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. जिस पर मेयर और नगर आयुक्त ने निर्णय लेते हुए एक महीने का समय दिया है. उन्होंने कहा सभी 100 वार्डो में समान सफाई कर्मचारी काम करेंगे.पार्षद अमिता सिंह ने सफाई कर्मचारियों के मानदेय को बढ़ाने का मुद्दा उठाया.

बोर्ड बैठक में शहर के चल रहे रहे बार और हुक्का बार का मुद्दा भी गरमाया. जिसमें आरोप लगाया गया है कि बाहरी राज्यों से पढ़ाई करने आने वाले युवक यहां पर हुड़दंग करते हैं. बोर्ड बैठक में सभी पार्षदों ने एकजुट होकर शहर को सुधारने का काम करने की बात कही. पार्षदों ने कहा करीब एक साल बाद बोर्ड बैठक का आयोजन हुआ है. पार्षदों को वार्डों में विकास कार्य देखने पड़ते हैं. नगर निगम में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं. जिसके कारण वार्डों में लोगों का गुस्सा झेलना पड़ रहा है.