March 31, 2026 3:30 pm

रायपुर सम्मेलन में सीएम धामी का बल्ले से सम्मान, कांग्रेस में गए नेताओं को बताया ‘फ्यूज बल्ब’

देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित रायपुर विधानसभा सम्मेलन २०२६ में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को क्रिकेट का बल्ला भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ पन्ना प्रमुख और बूथ अध्यक्षों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान एसआईआर प्रशिक्षण के तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक उमेश शर्मा काउ ने की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को धाकड़ धामी और धुरंधर धामी की उपाधि देते हुए क्रिकेट का बल्ला भेंट कर उनका सम्मान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की ताकत ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में राज्य अग्रणी बन चुका है।

प्रदेश की राजनीति में बढ़ती हलचल के बीच कांग्रेस में नेताओं की एंट्री पर भी बीजेपी नेताओं ने प्रतिक्रिया दी। हाल ही में बीजेपी और अन्य दलों से जुड़े कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है, जिनमें पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, भीमलाल आर्य, पूर्व बसपा विधायक नारायण पाल, रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल, भीमताल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख लखन सिंह और मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिन नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, वे पहले ही पार्टी से निष्कासित थे या लंबे समय से सक्रिय नहीं थे, ऐसे में उनके जाने से बीजेपी को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।

वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब फ्यूज बल्बों को इकट्ठा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी संगठन पहले से ज्यादा मजबूत है और आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी और मजबूती से मैदान में उतरेगी। 📰