April 12, 2026 1:51 pm

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सरकार का सख्त रुख, सीएम धामी ने दिए स्थायी समाधान के निर्देश

हल्द्वानी/नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में नैनीताल जनपद के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों और बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसके स्थायी समाधान और विभागीय जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग और अलर्ट सिस्टम लगाने के साथ वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा गया।

पर्यटन सीजन को लेकर मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए इसे तय समयसीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान होगा और बाढ़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा। इसके अलावा ग्रीष्मकाल और मानसून को देखते हुए विद्युत और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों को सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।