April 23, 2026 1:31 pm

बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, सीएम धामी ने PM मोदी के नाम से कराई पहली महाभिषेक पूजा

बदरीनाथ: बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम भक्ति और आस्था से सराबोर हो उठा। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट उद्घाटन के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में भी विधिवत पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

लोक संस्कृति की झलक से गूंजा धाम
कपाट खुलने के ऐतिहासिक अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर लोक संस्कृति और आस्था के रंग में रंग गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर श्रद्धा अर्पित की।

भंडारे का शुभारंभ, श्रद्धालुओं संग ग्रहण किया प्रसाद
मुख्यमंत्री ने धाम में संचालित भंडारे का शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति द्वारा संचालित विशाल भंडारे की सराहना की।

चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ बदरीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने श्रद्धालुओं को दिव्य और यादगार अनुभव दिया।