April 24, 2026 12:06 pm

टिहरी हादसे मे 8 की मौत, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख, किया आर्थिक सहायता का ऐलान

टिहरी गढ़वाल: द्रौपदी मुर्मू और नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल के चंबा-कोटी मार्ग पर नैल गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक हरिद्वार से अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए राहत-बचाव के निर्देश
पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने को भी कहा है।

राजनीतिक दलों ने भी जताया शोक
गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने भी हादसे को हृदयविदारक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। यह हादसा पूरे प्रदेश को झकझोर गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।