देहरादून। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले धामी सरकार ने युवाओं को साधने के उद्देश्य से वन दरोगा भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है, जिसे सरकार का अहम फैसला माना जा रहा है।
नए नियमों के अनुसार अब वन दरोगा भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट से बढ़ाकर स्नातक कर दी गई है। यानी अब केवल ग्रेजुएट युवा ही इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं आयु सीमा में भी बड़ा बदलाव करते हुए न्यूनतम आयु 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष से बढ़ाकर 35 वर्ष कर दी गई है।
सरकार के इस फैसले से अब अधिक आयु वर्ग के युवाओं को भी मौका मिलेगा। इसके साथ ही वन आरक्षी पद के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया की बात करें तो Uttarakhand Subordinate Service Selection Commission (यूकेएसएसएससी) द्वारा समय-समय पर वन दरोगा पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जाता है। पिछले वर्ष 124 पदों पर भर्ती निकाली गई थी और अब नए नियमों के बाद बड़ी संख्या में भर्तियों की संभावना जताई जा रही है।
वन दरोगा भर्ती में लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा भी अनिवार्य होती है। शारीरिक मानकों के तहत पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 163 सेमी और महिलाओं के लिए 150 सेमी निर्धारित है, जबकि कुछ वर्गों को इसमें छूट दी गई है। दौड़ में पुरुषों को 25 किलोमीटर और महिलाओं को 14 किलोमीटर की दूरी निर्धारित समय में पूरी करनी होती है।
वेतनमान लेवल-05 के तहत 29,200 से 92,300 रुपये तय है। सरकार के इस फैसले को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है, क्योंकि इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।