गंगा में कुत्ता नहलाने पर हंगामा ! विरोध के बाद महिला से बहस, तीर्थ पुरोहितों ने जताई नाराजगी

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के सर्वानंद घाट पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला अपने पालतू कुत्ते को गंगा में नहलाने लगी। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मौके पर बहस की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि महिला अपने परिवार के साथ घाट पर पहुंची थी और वहीं उसने कुत्ते को गंगा में नहलाना शुरू कर दिया। इसे देखकर आसपास मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई और गंगा की पवित्रता बनाए रखने की बात कही। विरोध के दौरान महिला उल्टा लोगों से ही बहस करने लगी।

हालांकि स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने बीच-बचाव किया और महिला को वहां से लेकर चले गए, जिसके बाद मामला शांत हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मां गंगा सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र हैं, इसलिए उनकी पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अज्ञानता के कारण होती हैं और इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।

गौरतलब है कि गंगा की स्वच्छता और गरिमा को लेकर पहले भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए, ताकि धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनी रहे।

नोट- हमारा पोर्टल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.