रुद्रपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPCS-2024) परीक्षा में उधम सिंह नगर के सितारगंज निवासी फराज मियां ने शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रदेश में छठी रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है। उनकी सफलता से परिवार, क्षेत्र और पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय के पर्यटन विभाग में समीक्षा अधिकारी (आरओ) के पद पर कार्यरत फराज मियां ने नौकरी के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और कड़ी मेहनत, सही रणनीति तथा अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
फराज का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने सीमित पुस्तकों का बार-बार अध्ययन किया और उत्तराखंड सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाओं पर विशेष फोकस रखा। राज्य से जुड़े मुद्दों की बेहतर समझ के लिए उन्होंने नियमित रूप से स्थानीय हिंदी समाचार पत्रों का अध्ययन किया।
यह फराज की पहली बड़ी सफलता नहीं है। इससे पहले उन्होंने यूकेएसएसएससी की कनिष्ठ सहायक परीक्षा उत्तीर्ण की, सचिवालय समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा 2024 में प्रदेश में चौथी रैंक हासिल की और निर्वाचन आयोग की समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा 2025 में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा वह यूकेपीएससी की लोअर पीसीएस परीक्षा भी पास कर चुके हैं, जिसका साक्षात्कार आगामी माह प्रस्तावित है।
फराज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज, सितारगंज से प्राप्त की। इसके बाद राजकीय पीजी कॉलेज, खटीमा से बीएससी और फिर University of Lucknow से एमबीए की पढ़ाई पूरी की।
फराज अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन को देते हैं। उनकी बहन गुड़िया वर्तमान में जीआईसी नैनीताल में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उनका मानना है कि परिवार का शैक्षिक माहौल और निरंतर प्रोत्साहन उनकी सफलता की मजबूत नींव रहा।
फराज मियां की यह उपलब्धि प्रदेश के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।