भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद के भीमताल क्षेत्र को 96.71 करोड़ रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 67 करोड़ रुपये की लागत वाली 6 योजनाओं का लोकार्पण तथा 29.71 करोड़ रुपये की 7 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने भीमताल में सैनिकों और व्यापारियों के लिए बहुउद्देशीय भवन निर्माण, भीमेश्वर मंदिर और ओखलकांडा स्थित पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन से जोड़ने, रामगढ़ उपतहसील को शीघ्र संचालित करने तथा क्षेत्र में प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की। इसके अलावा ओढ़ाखान-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग और जीप मार्ग के मिलान की भी बात कही गई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा, नदियों, जंगलों और हिमालयी विरासत से है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है। बढ़ता तापमान, अनियमित वर्षा, सूखते जलस्रोत और प्राकृतिक आपदाएं लगातार चेतावनी दे रही हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संवर्धन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन, नदी संरक्षण, वनीकरण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने सकल पर्यावरण उत्पाद (जीईपी) की अवधारणा को लागू किया है, जो पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन की सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। नैनीताल जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क संपर्क को प्राथमिकता दी जा रही है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भीमताल स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टमटा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।