June 17, 2026 6:58 pm

कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटीं प्रभारी कुमारी शैलजा, जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ की बैठक

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी कुमारी शैलजा अपने दो दिवसीय देहरादून दौरे पर पहुंच गई हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तृत बैठक की। इसके बाद उन्होंने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और सेल के पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा की।

बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना और विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना रहा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला इकाइयों और ब्लॉक अध्यक्षों का गठन किया जा चुका है। अब इन इकाइयों की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक गतिविधियों और हाल के कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है, ताकि पार्टी को और अधिक सक्रिय बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ आगामी चुनावी रणनीति पर भी मंथन कर रही हैं। इसके अलावा भविष्य में आयोजित किए जाने वाले पार्टी कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है।

कुमारी शैलजा के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दूसरे दिन भी वह प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर संगठन में एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगी।

कांग्रेस का मानना है कि मजबूत संगठन और बेहतर समन्वय के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा।