June 30, 2026 4:09 pm

फिल्मी सपनों को धामी सरकार का साथ, तीन युवाओं को मिली लाखों रुपये की छात्रवृत्ति

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 का लाभ अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। राज्य सरकार ने पहली बार फिल्म एवं टेलीविजन के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले तीन युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की है। सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले तीन छात्रों की छात्रवृत्ति जारी कर दी है। यह सहायता उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत दी गई है, जिसके माध्यम से फिल्म निर्माण और मीडिया शिक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

फिल्म नीति के अनुसार एफटीआईआई, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन करने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासियों को मेरिट के आधार पर पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद छात्रवृत्ति दी जाती है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम व्यय का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में रचनात्मक प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार का उद्देश्य उन्हें अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 इसी सोच के साथ बनाई गई है, ताकि फिल्म और मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं को आर्थिक सहयोग मिल सके।