July 16, 2026 7:18 pm

हरेला पर मुख्यमंत्री धामी ने वृद्ध जागेश्वर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्याओं को प्रसाद भी वितरित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख एवं प्राचीन शिवधामों में से एक है, जिसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।