July 25, 2026 9:01 pm

पेपर लीक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेता सुद्धोवाला जेल भेजे गये

देहरादून। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूटीयू) पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रेमनगर के निकट नंदा की चौकी में एकत्रित हुए, जहां से पैदल मार्च निकालते हुए विश्वविद्यालय कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ प्रदर्शनकारी फायर ब्रिगेड के वाहन पर भी चढ़ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेज दिया।

प्रदर्शन में कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने यूटीयू पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

वहीं, उधम सिंह नगर के रुद्रपुर और हरिद्वार जिले के लक्सर में भी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और नीट पेपर लीक के विरोध में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। रुद्रपुर में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की, जबकि लक्सर में भीम आर्मी की भूख हड़ताल को भारतीय किसान यूनियन पटेल सहित अन्य संगठनों ने समर्थन दिया।