July 30, 2026 7:42 pm

8 अगस्त को हल्द्वानी मे खरगे की रैली, तैयारियों में जुटी कांग्रेस, यशपाल आर्य ने सरकार पर साधा निशाना

काशीपुर। आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की महारैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य काशीपुर पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी प्रकाश जोशी भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यशपाल आर्य ने राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और जनता भाजपा सरकार से बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के संकल्प के साथ जनता के बीच जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं को भी समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। साथ ही रोजगार के अवसर घटने, भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी सरकार को घेरा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी की महारैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे तथा इसे सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।