गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर पहुंचकर क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने लगभग 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक रोडवेज बस अड्डे का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विकासखंड कार्यालय भवन सहित विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास को नई गति देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने गूलरभोज जलाशय को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने तथा क्षेत्र में स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का भी भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक परिवहन सुविधाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार मजबूत होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
अपने गदरपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने कम्बोज धर्मशाला पहुंचकर शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।