देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के दूसरे चरण में अब तक 1 लाख 34 हजार 740 लोग शिविरों में भाग ले चुके हैं। वहीं, पहले और दूसरे चरण को मिलाकर कुल जनभागीदारी साढ़े 6 लाख से अधिक हो गई है।
चार जुलाई से शुरू हुए दूसरे चरण के तहत अब तक 198 शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में प्राप्त 23,219 शिकायतों में से 20,808 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 81,753 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविरों में समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, चिकित्सा एवं कृषि उपकरणों के साथ विभिन्न प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इससे पहले दिसंबर में चले पहले चरण के 45 दिवसीय अभियान के दौरान 681 शिविरों में 5,33,452 लोगों ने भाग लिया था और करीब 33 हजार शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था। इस पहल को सुशासन की एक सफल कार्यप्रणाली के रूप में भी सराहा गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना है। प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याओं का समाधान कर रहा है और पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और जनसंतुष्टि के संकल्प के साथ जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।