August 5, 2026 1:36 pm

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और विधायक सरिता आर्या को भी मिला एसआईआर नोटिस, मतदाता सत्यापन अभियान जारी

नैनीताल। निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, नैनीताल विधायक सरिता आर्या समेत कई प्रमुख नागरिकों के आवास पर भी एसआईआर नोटिस जारी किए गए हैं।

विधायक सरिता आर्या के आवास पर पहुंचे नोटिस में उनसे और उनके छोटे बेटे से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के आवास पर भी सत्यापन प्रक्रिया के तहत नोटिस पहुंचा। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नियमित प्रक्रिया है और सभी मतदाताओं पर समान रूप से लागू होती है।

नैनीताल के उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों पर सुनवाई शुरू हो चुकी है। अधिकांश मामले नाम और पते में त्रुटियों से जुड़े हैं, जिनके सुधार के लिए संबंधित लोगों से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक फॉर्म-6 (नया पंजीकरण), फॉर्म-7 (नाम हटाने संबंधी आपत्ति) और फॉर्म-8 (नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन) भरने की प्रक्रिया जारी है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे के अनुसार, प्रदेश में लगभग 19 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में किसी न किसी प्रकार की त्रुटि चिन्हित हुई है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से नोटिस भेजे जा रहे हैं। वहीं करीब 5.26 लाख मतदाताओं का सत्यापन अभी शेष है, जिसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जा रहा है।

निर्वाचन विभाग का उद्देश्य अंतिम मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।