August 11, 2026 5:09 pm

उत्तराखंड एसटीएफ की ‘लखपति इनामी’ योजना शुरू, नशे की सूचना देने पर मिल सकता है 2.40 लाख रुपये तक इनाम

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ती नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने आम लोगों को अभियान से जोड़ने की नई पहल शुरू की है। उत्तराखंड एसटीएफ ने नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध भंडारण, बिक्री और नशे की अवैध फैक्ट्रियों से जुड़ी सूचना देने वालों के लिए इनाम योजना लागू की है। खास बात यह है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत नशीले पदार्थ की मात्रा और उसकी शुद्धता के आधार पर सूचना देने वाले को निर्धारित इनाम दिया जाएगा। इसमें कोकीन की सूचना पर 2 लाख 40 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक, हेरोइन पर 1 लाख 20 हजार रुपये, मॉर्फिन, एम्फेटामाइन और मेथाम्फेटामाइन पर 20 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक इनाम निर्धारित किया गया है।

इसी तरह हशीश ऑयल पर 10 हजार, अफीम पर 6 हजार, हशीश पर 2 हजार और गांजा की बरामदगी से जुड़ी सूचना पर 600 रुपये प्रति किलोग्राम तक इनाम दिया जा सकता है। अवैध अफीम और गांजे की खेती नष्ट कराने से संबंधित सूचना पर 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक इनाम का प्रावधान किया गया है।

अलग-अलग स्तर पर होगी इनाम की मंजूरी

योजना के तहत कर्मचारी या अधिकारी तथा मुखबिर के लिए अलग-अलग स्तर पर इनाम की मंजूरी का प्रावधान किया गया है। 30 हजार रुपये तक अधिकारी और 60 हजार रुपये तक मुखबिर के इनाम की स्वीकृति आईजी कानून-व्यवस्था स्तर से दी जा सकती है।

वहीं, अधिकारी के लिए 30 हजार से 1 लाख रुपये और मुखबिर के लिए 60 हजार से 2 लाख रुपये तक के इनाम की मंजूरी राज्य स्तरीय समिति करेगी। इससे अधिक राशि के मामलों में केंद्रीय रिवॉर्ड समिति की मंजूरी आवश्यक होगी।

एसटीएफ ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि किसी संदिग्ध स्थान या गतिविधि की जानकारी मिलने पर नागरिक स्वयं जांच करने, परिसर में प्रवेश करने या संदिग्ध लोगों का सामना करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में सीधे पुलिस को सूचना देना ही सुरक्षित तरीका है।

सूचना देने के लिए एसटीएफ ने 0135-2656202 और 9412029536 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। एसटीएफ के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार इनाम की राशि मादक पदार्थ की शुद्धता और परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसटीएफ नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और नई इनाम योजना के माध्यम से आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

एसटीएफ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आसपास नशे की तस्करी, भंडारण, बिक्री या नशीले पदार्थ बनाने वाली अवैध फैक्ट्री जैसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।