देहरादून/पीपलकोटी। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के साथ ही बचाव दलों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी करने को कहा। साथ ही हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट समेत वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।