August 17, 2026 12:28 pm

सीएम धामी ने थारू समाज से किया संवाद, शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर दोहराई प्रतिबद्धता

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में थारू समाज के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार थारू समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही थारू समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह संवाद केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और थारू समाज के बीच विश्वास और विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। समाज के प्रतिनिधियों की प्रत्येक समस्या और सुझाव को गंभीरता से लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि थारू समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, युवा आत्मनिर्भर बनें और बेटियां शिक्षित एवं सशक्त हों।

इस दौरान थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और समाज के विकास तथा संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर आभार व्यक्त किया।