देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल देशों और लोगों को जोड़ने का माध्यम हैं तथा ऐसे आयोजन आपसी मित्रता और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और कभी हार न मानने का जज्बा है। ऐसे आयोजन प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से आधुनिक खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। अब उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी तैयार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर, खेल छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण की सुविधाएं दी जा रही हैं।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।