August 27, 2026 6:59 pm

सीएम धामी ने चंपावत को दी ₹62.97 करोड़ की सौगात, 50 विकास योजनाओं का किया  लोकार्पण और शिलान्यास

चंपावत। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामलीला मैदान धूरा में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने चंपावत के सर्वांगीण विकास के लिए ₹62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने ₹11.08 करोड़ की 20 योजनाओं का लोकार्पण और ₹51.89 करोड़ की 30 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई नई विकास योजनाओं की घोषणा भी की। इनमें पेयजल योजना, संपर्क मार्ग, सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, बाढ़ और भूकटाव सुरक्षा के कार्य, झूला पुल, सिंचाई नलकूप और सड़कों का डामरीकरण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कुमाऊंनी भाषा में महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और बेटियों का उज्ज्वल भविष्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का मतलब केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, कॉलेज छात्रावास और आईटीआई प्रयोगशाला जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि वोकल फॉर लोकल’, हाउस ऑफ हिमालयाज, हिलांस आउटलेट, फूड वैन और ई-रिक्शा जैसे माध्यमों से महिलाओं को रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनने के अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर बच्चियों के साथ केक काटकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया और महिलाओं को रक्षाबंधन के उपहार भी वितरित किए।