September 1, 2026 4:05 pm

CM धामी की पहल से आठ वर्षीय देव का मुफ्त इलाज, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के आठ वर्षीय बेटे देव के उपचार की राह आसान हो गई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित इलाज की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और उपचार में आने वाला पूरा खर्च सरकार की ओर से वहन करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री धामी हाल ही में लोहियाहेड में रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने टिक्की का स्वाद लिया। इसी दौरान रवि शर्मा ने अपने बेटे देव की गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। उसका लंबे समय से उपचार चल रहा है और देहरादून स्थित इंद्रेश अस्पताल में भी उसका इलाज कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के घर पहुंची। चिकित्सकों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसके पूर्व उपचार और चिकित्सकीय इतिहास की जानकारी ली।

चिकित्सकों ने आगे के उपचार के लिए सबसे पहले एमआरआई जांच कराने की सलाह दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे के उपचार की प्रक्रिया तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल एमआरआई जांच कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय तक ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चे के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री की इस पहल से देव के परिवार को बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उनकी मानवीय पहल के लिए धन्यवाद दिया।