September 4, 2026 6:36 pm

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मांग – रुद्रपुर-पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू कराए BJP सरकार

देहरादून। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों का शैक्षणिक सत्र शुरू नहीं करा पाने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण इस वर्ष अब तक दोनों मेडिकल कॉलेजों में सत्र शुरू नहीं हो पाया है, जिससे गरीब और मेधावी छात्रों को महंगे निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

यशपाल आर्य ने मांग की कि दोनों मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही पढ़ाई शुरू कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होती है तो राज्य के करीब 200 युवाओं का सरकारी मेडिकल कॉलेज से कम फीस में चिकित्सक बनने का सपना पूरा हो सकेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री केंद्र सरकार और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के साथ जरूरी समन्वय स्थापित कर इसी वर्ष दोनों मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू क्यों नहीं करा पाए। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर इसी सत्र से प्रवेश शुरू नहीं हो पाता है तो इसे सरकार की राजनीतिक असफलता और विभाग की प्रशासनिक नाकामी माना जाएगा।

आर्य ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के साथ सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मेडिकल कॉलेज के लिए भी 100 एमबीबीएस सीटों की मान्यता हासिल की जानी चाहिए। इसके अलावा हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में 25 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें बढ़ाने की दिशा में भी सरकार को प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ने से उत्तराखंड के मेधावी युवाओं को कम फीस में चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में वे राज्य के लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे सकेंगे।