September 6, 2026 12:42 pm

उत्तराखंड के युवाओं से बोले सीएम धामी—‘देवभूमि आपका अपना घर’, युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ‘नैस्ट फेस्ट-2026’ में पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों और जीवनशैली में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, दूरसंचार और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। युवाओं को शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर ने देश को मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन और बाइचुंग भूटिया जैसी अनेक प्रतिभाएं दी हैं। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया।

उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त कर रहे पूर्वोत्तर के युवाओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।