देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। दोनों बच्चों ने तिरंगा फहराकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव निवासी 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। पर्वतारोहण, खेल और साहसिक गतिविधियों में प्रदेश की युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
माउंट किलिमंजारो तंजानिया में स्थित अफ्रीका का सबसे ऊंचा पर्वत है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से 5,895 मीटर है।