हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दलितों का सबसे अधिक सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर पंचतीर्थ विकसित करने और संत गुरु रविदास को सम्मान देने का काम भाजपा ने किया है।
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर से लेकर बाबू जगजीवन राम तक का अपमान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना
भाजपा अध्यक्ष ने वंदे मातरम् को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के चलते कांग्रेस को पूरा वंदे मातरम् गाने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि इसकी गूंज विकसित भारत के संकल्प से भी जुड़ी है।
समान नागरिक संहिता और धामी सरकार की तारीफ
नितिन नवीन ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ दिल्ली-देहरादून मार्ग और चारधाम परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में उत्तराखंड सहित तीन नए राज्यों का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य बनाया है और वही इसे संवारने का काम भी करेगी।
2027 में फिर भाजपा सरकार का दावा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल सरकार बनाने की नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा और विकास की जीत होगी।
कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने नीम करोली बाबा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाबा पर बनी फिल्म देखने की उनकी इच्छा है, ताकि उनका आशीर्वाद भाजपा और कार्यकर्ताओं को मिलता रहे।