देहरादून। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में एक छात्रा के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से धनराशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और सुझाव साझा किए। इसी दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बच्चों को मोबाइल फोन या लैपटॉप उपलब्ध कराना मुश्किल होता है।
छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ही घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब के लिए उनके खातों में धनराशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से सीधा संवाद उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के बेहतर उपयोग के साथ विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।