देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में पर्वतारोहियों का साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करती हैं।
एकांकागुआ की 6,961 मीटर ऊंची चोटी फतह
एनआईएम और जेआईएम एंड डब्ल्यूएस के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना की 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ चोटी पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से रवाना किया था।
एक ही अभियान में तीन चोटियों पर आरोहण
एनआईएम के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। इसके बाद 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया।
इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों को फतह करने की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित कर रहा है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, जेआईएम एंड डब्ल्यूएस पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित संस्थान के अधिकारी और विभिन्न अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।