September 29, 2026 12:40 pm

चार अक्टूबर को चंपावत में होगी कैबिनेट बैठक, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

चंपावत। आगामी चार अक्टूबर को एनएचपीसी बनबसा में प्रस्तावित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में प्रस्तावित बैठक को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम में भी कार्यक्रम सुचारु रूप से संचालित हो, इसके लिए सभी तैयारियों की लगातार निगरानी की जाए। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।